परिचयः हमारे प्राचीन वैदिक ऋषि -गोवर्धन यादव


हमारे वैदिक ऋषियों के पास अथाह ज्ञान था. जिस समय दुनिया बुनियादी आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रही थी, उस समय ज्ञान की व्यापकता हमारे प्राचीन ऋषियों की प्रगति को दर्शाती है. विश्व की प्राचीनतम भाषा संस्कृत है, जिसमें वैदिक काल से ही भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान-विज्ञान की अजस्त्र धारा अक्षुण्य रूप से प्रवाहित होती रही है. यह भाषा शास्त्र-ज्ञान, आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों का प्रमुख आधार है. वेद, वेदांग,दर्शन, धर्म-शास्त्र आदि के साथ-साथ वैज्ञानिक विषयों पर प्राचीन भारतीय चिंतन का सांगोपान विवेचन उपलब्ध है.
भारतीय मनीषियों ने समस्त ज्ञान-विज्ञान का विवेचन समग्रता के साथ किया है, जो सत्यं शिवम सुंदरम् की अवधारणा पर आधारित है, जिससे प्राणीमात्र के जीवन का संतुलन एवं संपूर्ण विकास संभव है.
वेदों में उपलब्ध आख्यानों में रामायण, महाभारत, एवं पुराणों की रचना हुई. दार्शनिक-सूक्तों से दर्शन-शास्त्र, धर्म-सूक्तों से धर्मशास्त्र, और अर्थशास्त्र तथा अर्थवादात्मक सूक्तों से काव्य साहित्य का जिस प्रकार उद्भव हुआ.उसी प्रकार ऋग्वेद,/ अथर्ववेद से आयुर्वेद, यजुर्वेद से धनुर्वेद (सैन्य विज्ञान), सामवेद से गंधरर्वेद तथा अथर्ववेद से अर्थशास्त्र एवं शिल्पशास्त्र का विकास हुआ. जैसे वेदांगों से गणितविज्ञान, खगोलविज्ञान,आयुर्विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी, शिल्पविज्ञान आदि का विकास हुआ.
1- महर्षि गौतम
प्राचीन भारत के महान ऋषियों में से एक थे ये वही महर्षि गौतम हैं जिन्होंने करीब 2530 वर्ष पहले अपनी तपस्या, ज्ञान से न्याय शास्त्र की रचना की थी. इतना सटीक विश्लेषण किया कि आज सभी अदालत और कानून उनके सिद्धांत का अनुसरण कर रहे हैं इसके अलावा वे धार्मिक ग्रंथों के लेखन के लिए प्रसिद्ध हें. वे गौतम गोत्र के प्रवर्तक माने जाते हैं और उनके नाम पर ही यह गोत्र प्रसिद्ध हुआ. उनका उल्लेख वेदों, पुराणों और अन्य धार्मिक ग्रंथों में मिलता है.
महर्षि गौतम को न्याय दर्शन का संस्थापक माना जाता है. उनके द्वारा रचित न्यायसूत्र, भारतीय तर्कशास्त्र (लॉजिक्स) और दर्शन का एक महत्वपूर्ण ग्रंथ है.
गौतम ऋषि का आश्रम –
उनका एक प्रसिद्ध आश्रम बिहार के गया और त्र्यंबकेश्वर, नासिक में बताया जाता है. त्र्यंबकेश्वर में उनकी पत्नी अहिल्या से जुड़ी कथा प्रसिद्ध है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, उनकी पत्नी अहिल्या को इंद्र ने छल से मोहित किया था, जिससे नाराज होकर गौतम ऋषि ने उन्हें श्राप दे दिया. बाद में भगवान श्रीराम ने अहिल्या का उद्धार किया. ऋग्वेद, महाभारत और रामायण में महर्षि गौतम का वर्णन मिलता है.
महर्षि गौतम ने अपने न्याय दर्शन के माध्यम से ज्ञान और तर्कशक्ति पर विशेष बल दिया. उनका दर्शन सत्य, प्रमाण और तर्कशक्ति पर आधारित था, जो बाद में भारतीय दर्शन और न्यायशास्त्र की नींव बना. उन्होंने अनेक शिष्यों को ज्ञान प्रदान किया, जो आगे चलकर वेदों और शास्त्रों के प्रचारक बने. उनके विचार और शिक्षाएं आज भी न्याय और तर्क के क्षेत्र में मार्गदर्शन देती हैं.
ऋग्वेद में गौतम ऋषि का उल्लेख मिलता है. वे अंगिरस वंश के ऋषि थे और अनेक वैदिक ऋचाओं के दृष्टा माने जाते हैं. वेदों में उनका एक महान ज्ञानी और तपस्वी के रूप में वर्णन किया गया है.
वाल्मीकि रामायण (बालकांड) में महर्षि गौतम और उनकी पत्नी अहिल्या की कथा प्रसिद्ध है. गौतम ऋषि ने त्र्यंबकेश्वर (नासिक) में अपना आश्रम स्थापित किया था.
महाभारत में महर्षि गौतम का उल्लेख उनके पुत्र शरद्वान के संदर्भ में किया गया है. उनके पुत्र शरद्वान महान धनुर्धर थे और उन्हें युद्धविद्या में अपार निपुणता प्राप्त थी. महर्षि गौतम स्वयं वेदों और शास्त्रों के ज्ञाता थे और कई राजाओं के गुरु भी रहे.
महर्षि गौतम का विभिन्न पुराणों में वर्णन मिलता है. ब्रह्माण्ड पुराण में कहा गया है कि वे अपने समय के प्रमुख महर्षियों में से एक थे और उन्होंने धर्म और न्याय पर विशेष ज्ञान दिया.था.
वामन पुराण में उनके योगबल और तपस्या का वर्णन है. उनके तपोबल से कई देवता भी प्रभावित हुए थे.
पद्म पुराण में गौतम ऋषि को यज्ञ, तपस्या और वेदज्ञान का प्रमुख आचार्य बताया गया है. वहीं स्कंद पुराण के अनुसार गौतम ऋषि के आश्रम में कई वर्षों तक अकाल पड़ा था. उनके तपोबल से इंद्रदेव ने पुनः वर्षा की. वायु पुराण में महर्षि गौतम को सप्तर्षियों में से एक बताया गया है.
न्याय दर्शन और न्याय शास्त्र में सूत्रधार महर्षि गौतम.-
महर्षि गौतम ने न्याय सूत्र की रचना की, जो भारतीय न्याय दर्शन का आधार ग्रंथ है.
महर्षि गौतम भारतीय दर्शन के छह प्रमुख दर्शनों (षड्दर्शन) में से एक न्याय दर्शन के प्रवर्तक माने जाते हैं. उन्होंने न्यायसूत्र नामक ग्रंथ की रचना की, जो भारतीय तर्कशास्त्र और न्यायशास्त्र की आधारशिला है.
न्याय दर्शन का मूल उद्देश्य तर्क (लॉजिक), प्रमाण (एविडेंस) और मोक्ष (मुक्ति) के मार्ग की खोज करना है. यह दर्शन सत्य को प्रमाणों के आधार पर जांचने और समझने की विधि सिखाता है.
2- कात्यायन ऋषि-
कात्यायन नाम से कालांतर में कई ऋषि हुए हैं. एक विश्वामिंत्र के वंश में जिन्होंने श्रोत, गृह्य और प्रतिहार सूत्रों की रचना की थी, दूसरे गोमिलपुत्र थे जिन्होंने ‘छंदोपरिशिष्टकर्मप्रदीप’ की रचना की थी और तीसरे कात्यायन वररुचि सोमदत्त के पुत्र थे, जो पाणिनीय सूत्रों के प्रसिद्ध वार्तिककार थे.

कात्यायन “ कत “ ऋषि के गोत्र में उत्पन्न ऋषियों को कहा गया है . सबसे पहले कत नामक महर्षि के पुत्र ऋषि कात्य हुए. इन्हीं कात्य के गोत्र में विश्व प्रसिद्ध महर्षि कात्यायन उत्पन्न हुए जिन्होंने भगवती जगदम्बा की कई वर्षों तक कठिन तपस्या की थी, जिससे प्रसन्न होकर जगदम्बा ने कात्यायन ऋषि की इच्छानुसार उनके यहाँ पुत्री के रूप में जन्म लेकर महिषासुर का वध किया था.भगवान कृष्ण को पति रूप में पाने के लिए ब्रज की गोपियों ने इन्हीं की पूजा कालिन्दी यमुना तट पर की थी. ये ब्रजमंडल की अधिष्ठात्री देवी के रूप में प्रतिष्ठित हैं.

ऋषि कात्यायन की पुत्री होने के कारण वे कात्यायनी कहलाईं. यह नवदुर्गा में से एक षष्ठी देवी है. कात्यायन ऋषि को विश्वामित्रवंशीय कहा गया है. स्कंदपुराण के नागर खंड में कात्यायन को याज्ञवल्क्य का पुत्र बतलाया गया है. उन्होंने ‘श्रौतसूत्र’, ‘गृह्यसूत्र’ आदि की रचना की थी, जो एक मैत्रेय गोत्र आता है वह भी विश्वामित्र से संबंधित है

3-वाराह ऋषि (वराह-पुराण)
वेदव्यास द्वारा रचित १८ पुराणो में से एक है. इसमें श्लोकों की संख्या २४ सहस्र है . इसमें भगवान विष्णु के तीसरे अवतार वराह अवतार के बारे में संक्षिप्त रूप से बताया गया है. वराह पुराण एक वैष्णव पुराण है. इसमें २१७ अध्याय है
वराह पुराण में भगवान् विष्णु के वराह अवतार की मुख्य कथा के साथ अनेक तीर्थ, व्रत, यज्ञ, दान आदि का विस्तृत वर्णन किया गया है. इसमें भगवान् नारायण का पूजन-विधान, शिव-पार्वती की कथाएँ, सोरों सूकर (वराह) क्षेत्रवर्ती आदित्यतीर्थ, चक्रतीर्थ, वैवस्वततीर्थ, शाखोटकतीर्थ, रूपतीर्थ, सोमतीर्थ, योगतीर्थ आदि तीर्थों की महिमा, मोक्षदायिनी नदियों की उत्पत्ति और माहात्म्य एवं त्रिदेवों की महिमा आदि पर भी विशेष प्रकाश डाला गया है.
यह पुराण दो भागों से युक्त है और सनातन भगवान् विष्णु के माहात्म्य का सूचक है. वराहपुराण की श्लोक संख्या चौबीस हजार है, इसे सर्वप्रथम प्राचीन काल में वेदव्यास जी ने लिपिबद्ध किया था. इसमें भगवान श्रीहरि के वराह अवतार की मुख्य कथा के साथ अनेक तीर्थों (मुख्यतः सोरों सूकरक्षेत्र), व्रत, यज्ञ-यजन, श्राद्ध-तर्पण, दान और अनुष्ठान आदि का शिक्षाप्रद और आत्मकल्याणकारी वर्णन है. भगवान श्रीहरि की महिमा, पूजन-विधान, हिमालय की पुत्री के रूप में गौरी की उत्पत्ति का वर्णन और भगवान शंकर के साथ उनके विवाह की रोचक कथा इसमें विस्तार से वर्णित है. इसके अतिरिक्त इसमें सोरों सूकर(वराह)क्षेत्रवर्ती आदित्यतीर्थ, चक्रतीर्थ, रूपतीर्थ, योगतीर्थ, सोमतीर्थ, शाखोटकतीर्थ, वैवस्वततीर्थ आदि तीर्थों का वर्णन, भगवान् श्रीकृष्ण और उनकी लीलाओं के प्रभाव से मथुरामण्डल और व्रज के समस्त तीर्थों की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है.
4- याज्ञवल्क्य ऋषि
राजा जनक के काल में ऋषि याज्ञवल्क्य नाम के एक महान ऋषि थे.
1. कहते हैं कि याज्ञवल्क्य ऋषि ब्रह्मा के अवतार थे. ब्रह्मा ने यज्ञ में पत्नी सावित्री की जगह गायत्री को स्थान देने पर सावित्री ने क्रोधवश इन्हें श्राप दे दिया था, जिसके चलते वे कालान्तर में याज्ञवल्क्य के रूप में चारण ऋषि के यहाँ उत्पन्न हुए. श्रीमद्भागवत पुराण के अनुसार ये देवरात के पुत्र थे.

2. याज्ञवल्क्य वेदाचार्य महर्षि वैशम्पायन के शिष्य थे. इसके अलावा उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से सूर्यदेव से भी ज्ञान प्राप्त किया था.

3. ऋषि याज्ञवल्क्य की दो पत्नियां थीं- मैत्रेयी और कात्यायनी.

4. याज्ञवल्क्य जी को जब वैराग्य प्राप्त हुआ तो उन्होंने घर-बार त्यागने की सोच. उन्होंने मैत्रेयी से कहा कि मैं तुम्हारे और कात्यायनी के बीच घर का बंटवारा करना चाहता हूँ. मैत्रेयी ने कहा कि बंटवारे का सामान लेकर मैं क्या करूंगी यह सब तो नष्‍ट होने वाला है. तब याज्ञवल्क्य जी ने मैत्रेयी को ब्रह्मज्ञान दिया वौर वह भी संन्यासी हो गई.

5. लोमश ‍ऋषि.
जब लोमश ऋषि प्रवचन करते थे तो सभी श्रोता तन्मय होकर उनका प्रवचन सुनते और लाभान्वित होते. एक दिन वह प्रवचन कर रहे थे. श्रोताओं में चपल स्वभाव का एक व्यक्ति बैठा था, जो बार-बार ऋषि से प्रश्न पूछ कर प्रवचन में बाधा डाल रहा था. कभी पूछता, ‘क्या आपने भगवान के दर्शन किए हैं’, तो कभी पूछता, ‘हम उनके दर्शन कैसे कर सकते हैं?’ इससे ऋषि की एकाग्रता भंग हो रही थी. बार-बार व्यवधान पड़ने से आखिरकार लोमश ऋषि का धैर्य जवाब दे गया. उन्होंने उस व्यक्ति को शाप दिया कि- “कौवे की तरह कांव-कांव कर रहा है, शायद पहले जन्म में कौवा था और अगले जन्म में भी कौवा ही होगा”
लोमश ऋषि ने क्रोध में उस व्यक्ति को शाप तो दे दिया, लेकिन बाद में उन्हें अपनी भूल का अहसास हुआ और वे बहुत दु:खी हुए. उन्होंने देखा कि मेरे द्वारा इतना भयंकर शाप देने के बाद भी वह व्यक्ति शांत बैठा प्रवचन सुन रहा है. उनको इस बात का आश्चर्य हुआ तो उन्होंने पूछ ही लिया- “मेरे शाप से तुम्हें चिंता नहीं हुई? कौवे की योनि तो निम्न मानी गई है. इस तरह का शाप सुनकर भी तुम विचलित नहीं हुए. आखिर बात क्या है, इसका रहस्य क्या है?” उस व्यक्ति ने हाथ जोड़ कर कहा- “इसमें आश्चर्य और रहस्य जैसी कोई बात नहीं है. जो होता है प्रभु की इच्छा से ही होता है, फिर मैं क्यों चिंता करूँ? यदि मैं कौवा बना तो उसमें भी मेरा भला ही होगा. आप जैसे ऋषि एवं परम तपस्वी ने कुछ सोचकर ही यह शाप दिया होगा.”
लोमश ऋषि उस व्यक्ति का यह श्रद्धा भाव देख कर चकित रह गए. उन्होंने कहा- “अब मैं तुम्हें वर देता हूँ कि तुम कौवे के रूप में जहाँ रहोगे, उस क्षेत्र में दूर-दूर तक कलियुग का प्रभाव नहीं पड़ेगा. तुम भक्त पक्षी के रूप में अमरता प्राप्त करोगे.” पुराणों के अनुसार उस व्यक्ति ने अगले जन्म में काकभुशुंडी नामक एक ब्राह्मण के रूप में जन्म लिया, जिसने गरुड़ को रामकथा सुनाई थी.
6–वशिष्ठ ऋषि.
वसिष्ठ महा तेजस्वी, त्रिकालदर्शी, पूर्णज्ञानी, महातपस्वी, शस्त्र शास्त्र के ज्ञाता और योगी थे. ब्रह्मशक्ति के मूर्तिमान स्वरूप थे, मंत्र यज्ञ विद्या के वे जानकार थे. लोगों की वृत्ति बदलवाकर राष्ट्रों का नव निर्माण करने वाले थे. उनकी कार्य शक्ति अलौकिक थी.
वसिष्ठ के ग्रंथ
• ऋग्वेद के सातवें मंडल के द्रष्टावसिष्ठ हैं. इस मंडल में 104 सूक्तों में 841ऋचाएं हैं. उन्होंने अग्नि, इन्द्र, उषा, वरुण, मरुत, सविता, सरस्वती आदि आर्यों के पूज्य देवी देवताओं की स्तुति मधुर एवं ओजस्वी वाणी में की है.
• योगवासिष्ठ महारामायण – राम वसिष्ठ के संवाद के रूप में इस ग्रंथ के छ: प्रकरण हैं. (१) वैराग्य,(२) मुमुक्षुत्व, (३) उत्पत्ति, (४) स्थिति, (५) उपशम और (६) निर्वाण. कुल मिलाकर इस ग्रंथ में 32 हज़ार श्लोक हैं. अद्वैत वेदांत के ग्रंथों में इस ग्रंथ का विशिष्ट स्थान है. ग्रंथ में कहा है – मानवता पूर्वक जीवन जीए, वही सच्चा मानव है.
• वसिष्ठ धर्मसूत्र ( वसिष्ठ स्मृति) – इस ग्रंथ में 30 अध्याय हैं. वर्ण आश्रम के धर्म, संस्कार, स्त्रियों स्नातकों के धर्म, सदाचार, राजधर्म, वैदिक साहित्य की महिमा, प्रायश्चित, दान का पुण्य आदि विषयों का इसमें समावेश है. महत्त्वपूर्ण वाक्य : धर्म से रहो, अधर्म से नहीं; सत्य बोलो, असत्य नही; दृष्टि दीर्घ रखो, संकीर्ण नहीं और ‘ पश्यति नापरम परं’. इसमें कर्म का महत्त्व और आचरण का आदर्श प्रस्तुत किया है.
• वसिष्ठ संहिता- यह शाक्त ग्रंथ है. शांति, जय, होम, बलि, दान आदि विषयों के उपरांत इस ग्रंथ में ज्योतिष के विषयों पर विचार किया गया है. ग्रंथ में 45 अध्याय हैं.
• वसिष्ठ रचित धनुर्वेद का एक ग्रंथ कुछ पहले प्राप्त हुआ है.
• वसिष्ठ पुराण, वसिष्ठ श्राद्धकल्प, वसिष्ठ शिक्षा, वसिष्ठ होम विधि, वसिष्ठ तंत्र आदि अन्य ग्रंथों में उनके पहले के व्याकरणकारों के नामों में वसिष्ठ का नाम भी है.
• वसिष्ठ ने हिन्दू धर्म का सुयश विस्तृत किया, सांस्कृतिक परम्परा निर्माण की, सप्तर्षि में स्थान प्राप्त करने वाले इस आदर्श ‘ब्रह्मर्षि’ की भारतीय संस्कृति सदैव ऋणी रहेगी.
इतिहास-पुराणों में महर्षि वसिष्ठ के चरित्र का विस्तृत वर्णन मिलता है. ये आज भी सप्तर्षियों में रहकर जगत का कल्याण करते रहते हैं.
7- वात्सायन ऋषि
महर्षि वात्स्यायन (4वीं शताब्दी ई. के महान संस्कृत विद्वान, दार्शनिक और समाज सुधारक थे. वे मुख्यतः ‘कामसूत्र’ के रचनाकार के रूप में प्रसिद्ध हैं, लेकिन उनका योगदान केवल कामशास्त्र तक सीमित नहीं था.
१ उन्होंने सामाजिक जीवन, नैतिकता, रिश्तों, विवाह, परिवार और दांपत्य जीवन पर गहन विश्लेषण किया.
२ उनके ग्रंथ में नारी सशक्तिकरण, विवाह संस्था, सामाजिक नैतिकता और मनोविज्ञान की गहन चर्चा मिलती है.
3 वात्स्यायन ने वैदिक और बौद्ध परंपराओं से प्रेरणा लेकर मानव जीवन को संतुलित और आनंदमय बनाने की दिशा में कार्य किया.
जन्म: 4वीं शताब्दी ई., भारत (संभावित स्थान: पाटलिपुत्र या उज्जैन)
1 मृत्यु: अज्ञात (लेकिन उनकी शिक्षाएँ अमर हैं)
2 धर्म: हिंदू धर्म (वैदिक परंपरा)
मुख्य रचनाएँ:- कामसूत्र – प्रेम, समाज, और दांपत्य जीवन पर आधारित ग्रंथ (2) अन्य सामाजिक और नैतिक ग्रंथ (जिनका पूर्ण विवरण उपलब्ध नहीं)

वात्स्यायन की महत्वपूर्ण शिक्षाएँ:
समाज में स्त्रियों और पुरुषों की समानता, नैतिक जीवन के सिद्धांत, विवाह संस्था और रिश्तों की भूमिका, प्रेम और सामाजिक नैतिकता के महत्व पर जोर दिया. वे एक संस्कृत विद्वान, समाजशास्त्री और नैतिक दार्शनिक थे, उन्होंने वैदिक ग्रंथों और बौद्ध धर्मग्रंथों का गहन अध्ययन किया., धर्म, समाजशास्त्र, राजनीति, नैतिकता और प्रेम जैसे विषयों पर कार्य किया. उनका प्रमुख उद्देश्य यह था कि समाज में नैतिकता, प्रेम और आपसी संबंधों को वैज्ञानिक और व्यावहारिक रूप से समझा जाए.
2 कामसूत्र: सामाजिक जीवन का विज्ञान
1 ‘कामसूत्र’ की विशेषताएँ:
2 कामसूत्र 7 भागों में विभाजित है, जिनमें समाजशास्त्र, प्रेम, विवाह और नैतिकता का विस्तृत विवरण दिया गया है.
3 इसमें संयम, प्रेम, विवाह जीवन, समाज में स्त्री-पुरुष समानता, और दांपत्य जीवन पर गहन विचार किया गया है.
4 यह ग्रंथ केवल कामशास्त्र तक सीमित नहीं, बल्कि नैतिकता और सामाजिक जीवन का व्यापक दस्तावेज़ है.
5 यह ग्रंथ प्राचीन भारतीय समाज के नैतिक मूल्यों और रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाता है.
\

8- वामदेव
ऋषियों ने मानव जाति का जो कल्याण किया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता है. चारों वेदों में बीस हजार से ज्यादा मंत्र हैं. इन्हें गाया और रचा है सात ऋषियों और उनकी कुल परंपरा में हुए अन्य ब्रह्मवेत्ताओं ने उन सात ऋषियों के नाम हैं (१)वसिष्ठ,(२) विश्वामित्र,(३) कण्व,(४) अत्रि,(५) भारद्वाज,(६) वामदेव और (७) शौनक. जब दिशा बताने वाले यंत्र नहीं थे, तब समुद्री यात्रा के समय दिन में सूर्य और रात में ध्रुव तारे या सात ऋषियों के नाम से विख्यात तारामंडल से दिशा की पहचान की जाती थी. इन्हीं महान ऋषियों में से एक थे वामदेव.
वामदेव ने सामगान (अर्थात् संगीत) के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया और वे जन्मत्रयी के तत्ववेत्ता माने जाते हैं. भरत मुनि द्वारा रचित भरतनाट्य शास्त्र सामवेद से ही प्रेरित है. हजारों साल पहले ऋषि द्वारा लिखे गए सामवेद में संगीत और वाद्य यंत्रों की जानकारी प्राप्त होती है.
9- महर्षि वाल्मीकि
. महर्षि वाल्मीकि का योगदान
1. संस्कृत के पहले कवि – वाल्मीकि को “आदि कवि” कहा जाता है.
2. रामायण की रचना – 24,000 श्लोकों में श्रीराम के आदर्श जीवन का वर्णन.
3. माता सीता और लव-कुश के रक्षक – उन्होंने माता सीता और उनके पुत्रों को शरण दी.
4. धर्म और करुणा का संदेश – वाल्मीकि का जीवन यह सिखाता है कि कोई भी व्यक्ति अपने कर्म बदलकर महान बन सकता है.
5. संस्कृति और साहित्य में योगदान – उनकी रचना ने भारतीय संस्कृति और साहित्य को अमर कर दिया।
. महर्षि वाल्मीकि का संदेश और शिक्षा
• मनुष्य अपने कर्मों से महान बनता है, जन्म से नहीं.
• सत्य, धर्म और प्रेम ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है.
• हर व्यक्ति को अपने अतीत से सीखकर आगे बढ़ना चाहिए .
• संस्कार और शिक्षा से किसी भी व्यक्ति का जीवन बदल सकता है.
• धैर्य और तपस्या से असंभव को भी संभव किया जा सकता है.

10- विश्वामित्र- महर्षि विश्वामित्र: क्षत्रिय से ब्रह्मर्षि तक की अद्भुत यात्रा
विश्वामित्र का जन्म एक क्षत्रिय राजा के रूप में हुआ था। ऋषि वशिष्ठ से पराजित होने के बाद, उन्होंने ब्रह्मर्षि बनने का दृढ़ निश्चय किया. उनकी यह यात्रा दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर तपस्या और अटूट संकल्प का प्रतीक है. जिससे वो सबसे शक्तिशाली ऋषि बने.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
• असाधारण तपस्या: उन्होंने वर्षों तक कठोर तपस्या कर ब्रह्मा और शिव से सभी दिव्यास्त्रों का ज्ञान प्राप्त किया. इंद्र ने भी मेनका को भेजकर उनकी तपस्या भंग करने का प्रयास किया, किंतु वे असफल रहे.
• ब्रह्मतेज पर विजय: जब उन्होंने वशिष्ठ से पुनः युद्ध किया, तब वशिष्ठ के ब्रह्मतेज के आगे उनके समस्त अस्त्र निष्फल हो गए. इस हार ने उन्हें और भी घोर तप करने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे अंततः ब्रह्मर्षि बने.
• समानांतर सृष्टि: अपनी साधना से उन्होंने इतना तेज अर्जित किया कि एक समानांतर सृष्टि की रचना तक आरंभ कर दी, जिससे देवता भी भयभीत हो उठे. अंत में, ब्रह्मा जी द्वारा मान्यता प्राप्त कर वे ब्रह्मर्षि कहलाए.
• गायत्री मंत्र के दृष्टा: मूल गायत्री मंत्र के दृष्टा महारिशि विश्वामित्र जी को माना जाता है, जो हिंदू धर्म का सबसे पवित्र और शक्तिशाली मंत्र है.
• दिव्यास्त्रों का ज्ञान: उन्होंने भगवान राम को ब्रह्मांड में उपलब्ध लगभग सभी दिव्यास्त्रों का ज्ञान दिया था, जो उनके अतुलनीय बल और तेज को दर्शाता है. उनकी “मानसिक सृष्टि” शक्ति इतनी प्रबल थी कि वे केवल विचार से ही नई वस्तुओं का निर्माण कर सकते थे.
गायत्री मंत्र की दृष्टि और ब्रह्मर्षि पद की प्राप्ति
एक दिन विश्वामित्र हिमालय में तप कर रहे थे. सूर्योदय के समय उन्हें दर्शन हुआ- गायत्री देवी प्रकट हुईं. उन्होंने गायत्री मंत्र की रचना की और मंत्र सुनाया- ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात” यह मंत्र सूर्य की ज्योति से ब्रह्मज्ञान तक ले जाता है. ब्रह्मा, विष्णु, शिव प्रकट हुए. उन्होंने विश्वामित्र को “ब्रह्मर्षि” घोषित किया। वशिष्ठ स्वयं आए और बोले- विश्वामित्र, अब तुम मेरे समकक्ष हो. विश्वामित्र ने कहा- मेरी तपस्या सफल हुई.

विश्वामित्र जी का श्रीराम को अस्त्र-शस्त्र देना

जब श्रीराम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ वन की ओर निकलते हैं तो मार्ग में सबसे पहले विश्वामित्र श्रीराम को बला और अतिबला नाम की विद्याएं प्रदान करते हैं. विश्वामित्र कहते हैं कि इन विद्याओं के कारण तुम्हे कभी कष्ट या थकान का अनुभव नहीं होगा, तुम पर कोई सोते हुए भी प्रहार नहीं कर पायेगा, बल में तुम्हारी समता करने वाला इस पृथ्वी पर और कोई ना होगा, तुम्हारे ज्ञान का प्रकाश सर्वत्र फ़ैल जाएगा, तुम्हे कभी भूख-प्यास नहीं लगेगी क्योंकि ये दोनों विद्याएं स्वयं परमपिता ब्रह्मा की पुत्रियां हैं.

श्रीराम और लक्ष्मण द्वारा ताड़का के वध के पश्चात महर्षि विश्वामित्र श्रीराम को कई अस्त्र-शस्त्र प्रदान करते हैं. वो सभी अस्त्र-शस्त्र थे –
• पांच दिव्य चक्र – दण्डचक्र, धर्मचक्र, कालचक्र, विष्णुचक्र तथा ऐन्द्रचक्र
• देवराज इंद्र का वज्रास्त्र
• महादेव का श्रेष्ठ त्रिशूल
• ब्रह्मदेव के दोनों महाअस्त्र – ब्रह्मास्त्र और ब्रह्मशिरा अस्त्र
• ऐषिकास्त्र नामक महान अस्त्र
• दो दिव्य गदाएँ – मोदकी और शिखरी
• तीन दिव्य पाश – धर्मपाश, कालपाश और वरुणपाश
• सूखी और गीली, दो प्रकार की अशनि
• महान पिनाक अस्त्र (या धनुष)
• भगवान विष्णु का महान अस्त्र नारायणास्त्र
• अग्निदेव का प्रिय अस्त्र – आग्नेयास्त्र, जिसका एक नाम शिखरास्त्र भी था
• दिव्यास्त्रों में श्रेष्ठ वायव्यास्त्र
• हयशिरा नाम का एक महान अस्त्र
• दो महान शक्तियों के साथ क्रौंच अस्त्र
• राक्षसों के वध के लिए कई शस्त्र – कंकाल, घोर मूसल, कपल तथा किंकणी
• नंदन नाम का महान खड्ग जिनके अधिपति विद्याधर थे.
• गंधर्वों के चार प्रिय अस्त्र – सम्मोहनास्त्र, प्रस्वापन, प्रशमन एवं सौम्य अस्त्र.
• चार अतुलनीय दिव्यास्त्र – वर्षण, शोषण, सन्तापन एवं विलापन.
• कामदेव का दुर्जय अस्त्र मादन
• गंधर्वों का एक और अस्त्र मानवास्त्र,
• पिशाचों का प्रिय अस्त्र मोहनास्त्र
• सात माया अस्त्र – तामस, सौमन, संवर्त, दुर्जय, मौसल, सत्य और मायामय।
• शत्रुओं के तेज का नाश करने वाला सूर्यदेव का अस्त्र तेजःप्रभ।
• सोम देवता का अस्त्र – शिशिर
• त्वष्टा (विश्वकर्मा) का महान अस्त्र – दारुण
• भगदेवता का भयंकर अस्त्र
• प्रजापति मनु का शीतेषु नामक अस्त्र
इसके बाद महर्षि विश्वामित्र ने श्रीराम को ५० गुप्त दिव्यास्त्र और दिए। वे सभी दिव्यास्त्र प्रजापति कृशाश्व के पुत्र माने जाते हैं, जो इच्छानुसार रूप भी धारण कर सकते थे. वे ५० दिव्यास्त्र थे – सत्यवान, सत्यकीर्ति, धृष्ट, रभस, प्रतिहारतर, प्राङ्गमुख, अवांग्मुख, लक्ष्य, अलक्ष्य, ढृढ़नाभ, सुनाभ, दशाक्ष, शतवक्र, दशशीर्ष, शतोदर, पद्मनाभ, महानाभ, दुंदुनाभ, स्वनाभ, ज्योतिष, शकुन, नैरास्त्र, विमल, यौगन्धर, विनिद्र, शुचिबाहु, महाबाहु, निष्कलि, विरूच, सार्चिमाली, धृतिर्माली, वृत्तिमान, रुचिर, पित्र्य, सौमनस, विधूत, मकर, परवीर, रति, धन, धान्य, कामरूप, कामरुचि, मोह, आवरण, जृम्भक, सर्पनाथ, पन्थान एवं वरुण आदि.

अब यहाँ एक प्रश्न आता है कि क्या महर्षि विश्वामित्र ने सभी अस्त्र श्रीराम को दिए, लक्ष्मण को कुछ नहीं दिया?. ये इस विषय में जो संदेह है वो श्लोकों को पढ़ने से दूर हो जाता है. यदि आप इन श्लोकों का हिंदी अनुवाद देखेंगे तो वहाँ पर केवल श्रीराम का ही वर्णन आता है किन्तु संस्कृत श्लोकों में महर्षि विश्वामित्र ने राघव, रघुनन्दन, काकुत्स्थ इत्यादि शब्दों का प्रयोग किया है~. बहुत कम श्लोकों में श्रीराम का नाम स्पष्ट रूप से आया है.

ये तो हम जानते ही हैं कि ये सभी शब्द श्रीराम और लक्ष्मण दोनों के लिए प्रयोग होते हैं क्योंकि दोनों रघुकुल से ही थे. तो इससे हमें समझना चाहिए कि वो सभी या अधिकतर दिव्यास्त्र श्रीराम के साथ साथ लक्ष्मण को भी प्राप्त हुए। इसकी पुष्टि इस बात से भी होती है कि श्रीराम को ब्रह्मास्त्र देने का वर्णन हमें केवल यहीं मिलता है, किन्तु युद्ध कांड में ये स्पष्ट वर्णन है कि लक्ष्मण ने अतिकाय का वध ब्रह्मास्त्र से किया था. अर्थात श्रीराम के साथ-साथ उनके पास भी ब्रह्मास्त्र का ज्ञान था.

इसके अतिरिक्त ऐसा वर्णित है कि लक्ष्मण ने भी निद्रा, भूख-प्यास और थकान को जीत लिया था. ऐसी शक्ति बला-अतिबला विद्याओं से प्राप्त होती है जो महर्षि ने श्रीराम को दी थी., सिद्ध होता है कि इन सभी दिव्यास्त्रों को श्रीराम के साथ साथ लक्ष्मण ने भी ग्रहण किया था.
11-.महर्षि वेदव्यास – महर्षि वेदव्यास: वेदों के विभाजक और महाकाव्यों के रचयिता
वेदों और पुराणों के लेखक का नाम सुनते ही भारतीय संस्कृति और धार्मिक ज्ञान की विशाल धरोहर सामने आती है. वेदव्यास केवल एक ऋषि नहीं थे, बल्कि उन्होंने भारतीय समाज और धर्म की नींव रखी. उनके कार्य ने वेदों को व्यवस्थित रूप में संरक्षित किया और पुराणों के माध्यम से ज्ञान को सरल और सभी के लिए सुलभ बनाया। वेदव्यास का योगदान न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक, ऐतिहासिक और दार्शनिक दृष्टि से भी अतुलनीय है. उनके संकलित ग्रंथ आज भी शिक्षा, अध्यात्म और दर्शन का आधार हैं.
महर्षि वेदव्यास का जन्म कृष्णा द्वैपायन व्यास के नाम से हुआ था. पुराणों के अनुसार उनका जन्म एक पवित्र और दैवी वातावरण में हुआ। माता सत्यवती और पिता पराशर मुनि के सानिध्य में उनका पालन-पोषण हुआ. बचपन से ही वेदव्यास में अद्भुत बौद्धिक क्षमता और गहन चिंतन शक्ति देखी गई. कहा जाता है कि उन्होंने बहुत ही कम उम्र में वेदों का अध्ययन प्रारंभ कर दिया था. उनके जीवन का प्रारंभिक काल धार्मिक शिक्षा और तपस्या में व्यतीत हुआ, जिससे उनकी मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति में वृद्धि हुई..
सनातन धर्म के आदिगुरु हैं ‘व्यास’. किसी व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि एक पद या उपाधि है, जो प्रत्येक द्वापर युग में वेदों का विभाजन करने वाले महापुरुष को मिलती है. इस वैवस्वत मन्वंतर में महर्षि पराशर और सत्यवती के पुत्र द्वैपायन व्यास जी ने यह पद धारण किया, और यमुना के द्वीप में जन्म लेने के कारण वे ‘द्वैपायन’ कहलाए.
12. बृहस्पति- ज्ञान, बुद्धि और देवताओं के संरक्षक.
बृहस्पति देवताओं के गुरू और आध्यात्मिक सलाहकार हैं. आप देवताओं के गुरु माने जाते हैं.उन्हें विद्या और ज्ञान का देवता माना जाता है.. वे देवगुरु और न्याय के साक्षात मूर्ति हैं. इनका जन्म महर्षि अंगीरा के घर हुआ था.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•दिव्य परामर्शदाता: वैदिक साहित्य में इन्हें ‘ब्रह्मणस्पति’ कहा गया है, जो देवताओं के हित के लिए मंत्रों का प्रयोग करते हैं. ये त्रिदेवों के मुख्य परामर्शदाता हैं और देवासुर संग्रामों में दिव्य मंत्रों द्वारा देवताओं को विजय दिलाते हैं.
•अतुल्य बुद्धिमत्ता: इनकी बुद्धिमत्ता का स्तर इतना उच्च है कि ये शुक्राचार्य जैसे महान तपस्वी को भी शास्त्रार्थ में पराजित कर सकते हैं.
•ज्ञान के स्रोत: इन्हें ‘बृहस्पति सूत्र’ (वैदिक व्याकरण के मूल आधार) और ‘बृहस्पति संहिता’ (राजधर्म का विस्तृत विवेचन) का रचयिता माना जाता है.
•ज्योतिषीय महत्व: ज्योतिष शास्त्र में इन्हें गुरु ग्रह के रूप में पूजा जाता है, जो जातक को धार्मिकता, विद्या और मोक्ष प्रदान करता है. देवों के गुरु होने के साथ साथ यह एक अत्यंत शक्तिशाली ऋषि थे.
13-. महर्षि कपिल-
कपिल मुनि को सांख्य दर्शन का प्रवर्तक माना जाता है. आपका जन्म कर्दममुनि और देवहूति के घर हुआ था. इम्होंने सांख्य-दर्शन की स्थापना की और योग के माध्यम से आत्म-साक्षात्कार का मार्ग दिखाया. कपिल ऋषि का ज्ञान और दर्शन अत्यन्त महत्वपूर्ण है. वे ध्यान और योग में निष्नात थे और उनके उपदेश वेदांत के महत्वपूर्ण अंग हैं.
इन्हें भगवान विष्णु का अवतार कहा जाता है. पुराणों में इन्हें अग्नि का अवतार व ब्रह्मा जी का मानस पुत्र भी बताया गया है. इनकी माता देवहूती ने विष्णु के समान पुत्र की कामना की थी, जिसके बाद भगवान विष्णु ने स्वयं उनके गर्भ से जन्म लिया. कपिल प्राचीन भारत के एक प्रभावशाली मुनि थे, उन्हें प्राचीन ऋषि भी कहा गया.
कपिल मुनि के समय व जन्म स्थान के बारे में पूर्ण निश्चय नहीं किया जा सका है. पुराणों व महाभारत में इनका भी उल्लेख है. कहते हैं कि हर कल्प के आदि में कपिल मुनि जन्म लेते हैं. इन्हें जन्म से ही सारी सिद्धियां प्राप्त होती हैं, इसलिए इन्हें आदिसिद्ध या आदिविद्वान भी कहा जाता है. कपिल मुनि सांख्यशास्त्र यानि तत्व पर आधारित ज्ञान के प्रवर्तक थे. कुछ लोग इन्हें अनीश्वरवादी भी मानते हैं, लेकिन गीता में कपिल जी को श्रेष्ठ मुनि कहा गया है. इन्होंने ही सबसे पहले विकासवाद का प्रतिपादन किया और संसार को एक क्रम के रूप में देखने का कार्य किया
कपिल मुनि के महत्वपूर्ण योगदान
•भगवान कपिल जी ने ही सबसे पहले ध्यान और तपस्या का मार्ग बतलाया था.
•कपिल मुनि सांख्य दर्शन के प्रवर्तक थे.
•कपिल मुनि भागवत धर्म के प्रमुख 12 आचार्यों में से एक हैं.
•कपिल मुनि के नाम से कई ग्रंथ प्रसिद्ध हुए हैं, जैसे- सांख्य सूत्र, तत्व समास, व्यास प्रभाकर, कपिल स्मृति आदि.
•महाभारत में कपिल मुनि के उपदेश को कपिल गीता के नाम से जाना जाता है.
•कपिल स्मृति इनका धर्मशास्त्र है.
•ज्ञान को साधना का रूप देकर भगवान कपिल ने ही त्याग, तपस्या व समाधि को भारतीय संस्कृति में पहली बार प्रतिष्ठित किया.
14- महर्षि अगस्त्य.
अगस्त्य ‍ऋषि को सप्तर्षियों में एक माना जाता है और वे दक्षिण भारत में अत्यधिक सम्मानित हैं. अगस्त्य में तपस्वियों के गुण थे. वे राक्षसों को हराने के लिए प्रसिद्ध है और उनके पास अद्वितीय ज्ञान और शक्ति थी. अगस्त्य मुनि का जन्म ऋषि मितरा-वरुणा और अप्सरा उर्वर्शी के पुत्र के रूप में हुआ था. वे अपनी तपस्याऔर योग शक्ति के लिए प्रसिद्ध थे.आपने दक्षिण भारत में वेदों का प्रचार किया और वहां के लोगों को धर्म का ज्ञान दिया था.
•अभूतपूर्व दैत्य संहारक: जब समुद्रस्थ राक्षसों के अत्याचार से देवता त्रस्त हो गए, तो महर्षि अगस्त्य ने अपनी मंत्र शक्ति से संपूर्ण समुद्र को पी लिया, जिससे सभी दुष्ट राक्षसों का विनाश हुआ. इसी प्रकार, उन्होंने इल्वल और वातापि नामक दुष्ट दैत्यों द्वारा किए जा रहे ऋषि-संहार को भी अपनी शक्ति से रोका.
•विंध्याचल को स्थिर करना: एक बार विंध्याचल पर्वत ने अपनी ऊंचाई बढ़ाकर सूर्य का मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूर्यदेव की प्रार्थना पर, महर्षि अगस्त्य ने विंध्य पर्वत को स्थिर करते हुए कहा, “जब तक मैं दक्षिण से न लौटूँ, तुम ऐसे ही निम्न बने रहो” चूंकि अगस्त्य जी वापस नहीं लौटे, विंध्याचल उसी प्रकार निम्न रूप में स्थिर रह गया और सूर्य का मार्ग सदा के लिए प्रशस्त हो गया.
•अलौकिक मंत्र शक्ति: इस प्रकार के अनेक असंभव कार्य महर्षि अगस्त्य ने अपनी मंत्र शक्ति से सहज ही कर दिखाए और लोगों का कल्याण किया.
•राम से संबंध: भगवान श्री राम वनगमन के समय इनके आश्रम पर पधारे थे, जहाँ महर्षि अगस्त्य ने उन्हें दिव्य अस्त्र प्रदान किए.
• ये भी अपने भाई मुनि वशिष्ठ के ही समान शक्तिशाली ऋषि थे
15- .महर्षि कश्यप
कश्यप ऋषि का जन्म ब्रह्मा के मानस पुत्र गुरु मरीचि के मानस पुत्र के रूप में हुआ था. वे अदिति, दिति सहित 13 बहनों के पति अपने पिता के छोटे भ्राता दक्ष प्रजापति के दामाद थे और देवताओं तथा दैत्यों सहित गरुड़, वरुण, नाग, जल, जल-जीव-जन्तु आदि के पिता माने जाते हैं. कश्यप ऋषि ही दक्षप्रजापति को मिली जिम्मेदारी पृथ्वी विस्तार में सबसे अधिक सहायक बने. महर्षि कश्यप ही लगभग सभी जीवों के पूर्वज हैं. आपने ब्रह्माण्ड की सृष्टि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होने दक्ष प्रजापति की 13 पुत्रियों से विवाह कर विभिन्न जीवों को उत्पन्न किया और संसार में धर्म का प्रचार-प्रसार किया.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•सृष्टि के जनक: उनकी कुल सत्रह पत्नियाँ थीं, जिनमें दक्ष प्रजापति की तेरह पुत्रियाँ प्रमुख थीं. इन्हीं पत्नियों से देवों, असुरों, नागों और अनेक अन्य प्राणियों का जन्म हुआ, जिससे उन्हें सृष्टि के प्रजापति के रूप में जाना जाता है.
• विष्णु अवतार से संबंध: भगवान विष्णु ने अपना पाँचवाँ अवतार, वामन अवतार, ऋषि कश्यप और उनकी पत्नी आदिति के पुत्र के रूप में लिया था.
• ज्ञान के स्रोत: उन्होंने ‘कश्यप संहिता’ की रचना की, जिसमें आयुर्वेद का संपूर्ण ज्ञान समाहित है. इसके अतिरिक्त, वे ‘शिल्प शास्त्र’ (वास्तुकला और प्रतिमा विज्ञान का ज्ञान) के भी रचयिता थे.
16- -महर्षि भारद्वाज: ऋग्वेद के द्रष्टा, विज्ञानवेत्ता और ज्ञान के भंडार
महर्षि भारद्वाज वैदिक ऋषियों में अग्रणी थे। उन्हें ऋग्वेद के छठे मण्डल का द्रष्टा माना जाता है, जिसमें उनके 765 मंत्र संग्रहित हैं. अथर्ववेद में भी उनके 23 मंत्र मिलते हैं। वे बृहस्पति और ममता के पुत्र थे.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•अग्रणी विज्ञानवेत्ता: महर्षि भारद्वाज एक महान ऋषि होने के साथ-साथ प्रखर वैज्ञानिक भी थे. उनका जीवन यद्यपि साधारण था, लेकिन उनके पास लोकोपकारक विज्ञान की महान दृष्टि थी.
•अनेक ग्रंथों के प्रणेता:
oमहाभारत (शान्तिपर्व) के अनुसार, उन्होंने ‘धनुर्वेद’ पर प्रवचन दिया.
oउन्हें ‘राजशास्त्र’ का भी प्रणेता माना जाता है.
oउन्होंने ‘यन्त्र-सर्वस्व’ नामक एक बृहद् ग्रन्थ की रचना की थी, जो प्राचीन भारतीय इंजीनियरिंग का एक अद्भुत प्रमाण है.
•दिव्य ज्ञान के धारक: इंद्र ने भारद्वाज को सावित्र्य-अग्नि-विद्या का विधिवत ज्ञान कराया, जिससे उन्होंने अमृत-तत्त्व प्राप्त किया और स्वर्गलोक में जाकर आदित्य से सायुज्य प्राप्त किया.
•आयुर्वेद में निपुण: यह शक्तिशाली ऋषि आयुर्वेद के प्रयोगों में परम निपुण थे, जो उनके लोक कल्याणकारी स्वभाव को दर्शाता है.
17-. महर्षि पाराशर- ज्योतिष शास्त्र के पुरोधा और व्यास के जनक
पाराशर का जन्म वशिष्ठ ऋषि के घर हुआ था. वेदव्यास का जन्म भी पाराशर और देव लोक की श्रापित अप्सरा जो मछली के पॆट से मछुआरे को मिली मत्स्यकन्या नाम मत्स्यगंधा के पुत्र के रुप में हुआ. बाद में वही मत्स्यगंधा सत्यवती नाम से जानी जाने लगी, जिसका विवाह पराशर मुनि ने राजा शाल्व से करवा दिया था.
ब्रह्मज्ञान और तपस्या:
उन्होंने अपने तपोबल से यमुना नदी की धारा को परिवर्तित कर दिया और उनके मंत्रों की शक्ति से कालकेय राक्षसों का संहार हुआ.
•वेदव्यास के पिता: वे महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास के पिता थे, जिनका जन्म यमुना के द्वीप में धीवर कन्या सत्यवती के गर्भ से हुआ.
•ज्योतिष के जनक: उन्होंने ज्योतिष शास्त्र के मूल ग्रंथ ‘बृहत् पराशर होरा शास्त्र’ की रचना कर ग्रह-नक्षत्रों के गूढ़ रहस्यों को उजागर किया. यह ग्रंथ वैदिक ज्योतिष का आधार स्तंभ है.
•अन्य ग्रंथों के रचयिता: उन्होंने ‘पराशर स्मृति’ जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों की भी रचना की, जिससे वेदों के गूढ़ रहस्यों को जनसामान्य तक पहुँचाया जा सके.
18-. महर्षि कपिल: सांख्य दर्शन के प्रणेता और दिव्य तेज के धनी
महर्षि कपिल सनातन धर्म के महानतम मुनियों में से एक हैं. इन्हें स्वयं भगवान विष्णु के अंशावतारों में गिना जाता है. उनके पिता महर्षि कर्दम और माता देवहूति थीं.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
• सांख्य दर्शन के प्रवर्तक: महर्षि कपिल को ‘सांख्य दर्शन’ का प्रणेता माना जाता है, जो भारतीय दर्शन के छह प्रमुख आस्तिक दर्शनों में से एक है. यह दर्शन प्रकृति और पुरुष के भेद, जगत की उत्पत्ति और मोक्ष की प्रक्रिया को तर्कपूर्ण ढंग से समझाता है, जिसने योग और वेदांत का भी आधार बनाया.
•अति प्रबल तेजस्विता: उनकी तेजस्विता इतनी प्रबल थी कि कोई भी उनके क्रोध को सहन नहीं कर सकता था. भागवत पुराण के अनुसार, उन्होंने अपनी दिव्य दृष्टि मात्र से राजा सगर के 60,000 पुत्रों को भस्म कर दिया था, जब उन्होंने उनके आश्रम में अपमान किया था.
•मोक्ष मार्ग के उपदेशक: उन्होंने अपनी माता देवहुति को वैराग्य और मोक्ष का उपदेश दिया, जो ‘कपिल गीता’ के नाम से प्रसिद्ध है.
• आयुर्वेद में महत्व: आयुर्वेद में कपिला गाय के दूध का महत्व भी महर्षि कपिल से ही जुड़ा हुआ है.
19-. शुक्राचार्य:– असुरों के गुरु और संजीवनी विद्या के अधिपति
शुक्राचार्य, जिन्हें काव्य और उशना के नाम से भी जाना जाता है, हिंदू धर्म के प्रमुख ऋषियों में से एक और असुरों (राक्षसों) के परमाचार्य के रूप में प्रसिद्ध हैं. वे महान ऋषि भृगु के पुत्र थे.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•संजीवनी विद्या के ज्ञाता: उनकी सबसे अद्वितीय और प्रसिद्ध शक्ति ‘मृतसञ्जीवनी विद्या’ थी, जिससे वे युद्ध में मारे गए असुरों को पुनः जीवित कर लेते थे. यह विद्या उन्हें भगवान शिव की घोर तपस्या से प्राप्त हुई थी, और इसी के कारण देवासुर संग्रामों में देवताओं को बार-बार पराजय का सामना करना पड़ा.
•ज्ञान और रणनीति के विशेषज्ञ थे: वे मंत्र-तंत्र विद्या के सर्वश्रेष्ठ ज्ञाता होने के साथ-साथ ज्योतिष, नीतिशास्त्र और कूटनीति के भी प्रकांड विद्वान थे.
•राजशास्त्र के प्रणेता: शुक्राचार्य द्वारा प्रणीत ‘शुक्रनीतिसार’ राजनीतिशास्त्र का एक प्राचीनतम ग्रन्थ है, जिसमें अर्थशास्त्र, नीतिशास्त्र और दण्डनीति का सूक्ष्म विवेचन मिलता है.
•ज्योतिषीय महत्व: ज्योतिषशास्त्र में इन्हें शुक्र ग्रह का अधिपति माना गया है, जो कला, सौन्दर्य और वैभव का कारक है. इनकी तपस्या और ज्ञान का महत्व इतना था कि देवगुरु बृहस्पति भी इनके ज्ञान के समक्ष नतमस्तक होते थे.
20. महर्षि दुर्वासा: रुद्र अंश और क्रोध-करुणा का संतुलन
•महर्षि दुर्वासा सनातन धर्म के इतिहास में प्रमुख संतों में से एक हैं. वे अत्रि और अनसूया के पुत्र थे और भगवान शंकर के रुद्र रूप से अवतरित हुए थे. इसी कारण यह क्रोध से भरे हुए , परंतु एक शक्तिशाली ऋषि थे, जिस कारण उनका स्वभाव अत्यंत तेजस्वी और क्रोधी था.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•रूद्र रूप का अंश- : भगवान शंकर के रुद्ररूप से प्रकट होने के कारण उनका रूप अति रौद्र था, और वे अत्यंत क्रोधी भी थे. उन्हें प्रसन्न करना देवताओं के लिए भी कठिन कार्य था.
•वरदानों का महत्व- : महाभारत कभी होता ही नही, यदि उन्होंने कुंती को पुत्र प्राप्ति का मंत्र वरदान स्वरूप न दिया होता.
•शाप और कृपा-: जल्दी क्रोधित हो जाने के कारण उन्होंने कई लोगों को शाप दिए, जिससे कई लोगों का जीवन बदल गया, लेकिन इन सबके बावजूद वे दयालुता की मूर्ति और अत्यंत करुणामय भी थे, जिनकी कृपा से अनेक भक्तों को मोक्ष मिला.
•सर्वत्र आदरणीय-: उनके रौद्र स्वभाव और शक्ति के कारण भय होने के बावजूद, वे देवों और मनुष्यों में समान रूप से आदरणीय थे.

21- महर्षि भृगु:- ज्योतिष, संजीवनी और सहनशीलता के परीक्षक
महर्षि भृगु भगवान ब्रह्मा के मानसपुत्रों में से एक थे और सप्तर्षियों में उनका विशेष स्थान है. ऋषि नारद, वशिष्ठ, अत्रि और गौतम भी ब्रह्मा के ही अन्य मानसपुत्र थे. उनका विवाह दक्ष प्रजापति की पुत्री ख्याति, कर्दम की पुत्री पुलोमा और उशना से हुआ था.
मुख्य शक्तियाँ और योगदान:
•प्रजापति और दिव्य संबंध: ब्रह्मा ने उन्हें ब्रह्मांड की रचना में सहायता के लिए बनाया था, इसीलिए उन्हें प्रजापति भी कहा जाता है. पद्म और गरुड़ पुराण के अनुसार, देवी लक्ष्मी का जन्म ऋषि भृगु और उनकी पत्नी ख्याति की पुत्री भार्गवी के रूप में हुआ था.
•ज्योतिष के प्रणेता: उन्होंने ‘भृगु संहिता’ की रचना की, जो ज्योतिष शास्त्र का एक विशाल और प्राचीनतम ग्रंथ है. इसी काल में उनके भाई स्वायंभुव मनु ने ‘मनुस्मृति’ की रचना की.थी.
•संजीवनी विद्या के खोजकर्ता-: महर्षि भृगु ने संजीवनी विद्या की खोज की थी, जिससे मृत प्राणी को पुनः जीवित किया जा सकता था. यह दिव्य विद्या आगे चलकर उनके पुत्र शुक्राचार्य को प्राप्त हुई.
•त्रिदेव परीक्षा:- उन्होंने ब्रह्मा, विष्णु और शिव की सहनशीलता की परीक्षा ली थी. ब्रह्मा जी और महादेव तो क्रोधित हो गए, लेकिन जब भृगु ने भगवान विष्णु की छाती पर पैर रखा, तो विष्णु ने क्रोधित होने की बजाय उनके पैर पकड़े और कहा कि “ऋषिवर,! मेरी कठोर छाती से आपके पैर को चोट तो नहीं लगी?” यह देखकर भृगु जी अत्यंत प्रसन्न हुए, जिसने भगवान विष्णु की अपार सहनशीलता को सिद्ध किया और उनका यह साहसपूर्ण कार्य दर्शाता है के वे एक अत्यंत शक्तिशाली ऋषि थे.

गोवर्धन यादव
103, कावेरी नगर छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
480001 9424356400

error: Content is protected !!